Ek Nazar

Related Posts with Thumbnails

Wednesday, January 13, 2010

नैय्यर द ट्रेंड सेटर

दुबली-पतली काया, काला सूट और उस पर हैट। गोल्डन फ्रेम का चश्मा। हिंदी फिल्मों की एक ऐसी दबंग शिख्सयत ...... जिसने आधी सदी तक लोगों को अपने गीतों पर झूमने के लिए मजबूर कर दिया। मैं बात कर रहा हूं ओमकार प्रसाद नैय्यर की यानि ओपी नैय्यर की। निरंकुश और हमेशा नये प्रयोग करने वाला यह संगीतकार 16 जनवरी 1926 को पाकिस्तान के लाहौर में पैदा हुआ। बंटवारे के बाद ये अपने परिवार के साथ अमृतसर आ बसे। बचपन से ही संगीत के प्रति गहरी रुचि होने के कारण उन्होंने अपनी पढ़ाई बीच में ही छोड़ दी। बतौर संगीतकार नैय्यरजी की फिल्म `आसमान´ थी। लेकिन इससे पहले उन्हें `कनीज´ फिल्म में बैकग्राउण्ड म्यूजिक का काम मिला। हालांकि इससे पहले भी एचएमवी कंपनी ने उनके संगीत निर्देशन में अल्बम भी निकाला था। यह काफी लोकप्रिय हुआ। बंबई (अब मुंबई) में काफी संघर्ष के बाद उन्हें गुरूदत्त की फिल्म `आर-पार´ मिली जो बम्पर हिट रही। और यहां से नैय्यरजी ने कभी पीछे मुड़ के नहीं देखा।
आज मैं नैय्यरजीउन दस गानों का जिक्र करुंगा जो ऑल टाइम हिट हैं ही साथ ही मुझे बेहद पसंद हैं।
1 ये देश है वीर जवानों का (फिल्म : नया दौर गीतकार: साहिर लुधियानवी, गायक: मोहम्मद रफी, बलबीर)।
दिलीप कुमार और अजीत पर यह गीत फिल्माया गया था। आज भी 15 अगस्त और 26 जनवरी को यह गीत सुनाई देता है। गाने में पंजाब की मिट्टी की खुशबू आती है। भांगड़े की बीट पर रफी साहब की आवाज वाकई नैय्यरजी ने कमाल कर दिया। साहिर साहब की शायरी भी कमाल है।

2 हुजूर-ए-आला जो हो इजाजत ( फिल्म ये रात फिर ना आएगी, गीतकार: अजीज कश्मीरी, गायक: आशा भोसले, मिनो पुरषोत्तम)।यह मुझे अब तक का सर्वश्रेष्ठ क्लब सॉंग लगता है। इसका फिल्मांकन भी गजब है। गिटार की धुन, ढोलक की थाप एक अलग ही सुकून देती है। हेलन ने इस गाने में कमाल का नृत्य किया है। (दूसरी नृत्यांगना को मैं नहीं पहचानता )।

3 देखो कसम से देखो कसम से... (फिल्म : तुमसा नहीं देखा, गीतकार: मजरूह सुल्तानपुरी, गायक: मोहम्मद रफी, आशा भोसले)। यह गाना शम्मी कपूर और अमिता पर फिल्माया गया था। जंगल का सूना रास्ता और शम्मीजी को मनातीं अमिताजी। शब्दों को अगर ध्यान से सुना जाए तो मन में गुदगुदी सी उठती है। गीत के बैकग्राउंड में सारंगी की धुन मदहोश करने वाली है।

4 आंखों में कयामत के बादल (फिल्म: किस्मत, गीतकार: एसएच बिहारी, गायक: महेंद्र कपूर)।इस गीत के बोल जबरदस्त हैं। शरारत और छेड़छाड़ वाले गीतों में नैय्यरजी को महारत हासिल थी। बबीता और बिस्वजीत पर इसे काफी बोल्ड किस्म से िफल्माया गया था। (उस समय के लिए शायद यह बड़ी बात होगी।)
क्रमश:

Saturday, August 29, 2009

300 करोड़ का दांव


दीवाली और क्रिसमस के बीच बॉलीवुड के तीन सबसे बड़ी फिल्में रिलीज होंगी। तीनों ही सितारा फिल्में हैं और इनका निर्देशन भी नामचीन निर्देशकों ने ही किया है। इस दो माह के अंतराल में बॉलीवुड के करीब 300 करोड़ दांव पर लगे हैं। दिक्कत की बात यह है कि तीनों ही फिल्मों की रिलीज तारीख आसपास ही है।

थ्री इडीयट्स

आमीर खान का यह चित्रपट 25 दिसंबर को रिलीज होगा। यह चेतन भगत के नॉवेल `5 प्वाइंट्स समवन´ पर आधारित है। मुन्नाभाई सीरीज की दो फिल्में बना चुके राजकुमार हिरानी इस फिल्म को निर्देशित कर रहे हैं और बैनर है विधूविनोद चोपड़ा का। आमिर खान के अलावा आर. माधवन, सरमन जोशी, बोमन ईरानी, मोना सिंह भी फिल्म में नजर आएंगे। फिल्म का संगीत टी-सीरीज कंपनी ने करीब 12 करोड़ रुपये में खरीदा है।

माइ नेम इज खान

धरमा प्रोडक्शन के बैनर तले बन रही इस फिल्म का लोगों को बेसबरी से इंतजार है। लंबे समय बाद काजोल और शाहरुख की जोड़ी फिर परदे पर नजर आएगी। कुछ-कुछ होता है, कभी खुशी कभी गम और कभी अलविदा ना कहना, जैसी हिट फिल्में बना चुके करण जौहर को इस फिल्म से काफी उम्मीदें हैं। वैसे करण हाल ही में `स्टार फॉक्स स्टुडिओ´ से करार को लेकर भी चर्चा में आए थे। फिल्म की शूटिंग के दौरान अमेरिका गए किंग खान एयरपोर्ट पर बदसलूकी का भी शिकार हुए। वैसे यह फिल्म भी अमेरिका में 9/11 को हुए आतंकी हमले के बाद अमेरिका में बसे मुसलमानों पर आधारित है। शाहरुख और काजोल के अलावा इसमें अपने समय की मशहूर अदाकारा जरीना बहाव भी दिखाई देंगी। इसके अलावा जिमी शेरगील भी अलग गेट-अप में दिखाई देंगे। फिल्म इसी साल रिलीज होगी। वैसे करण जौहर अपनी फिल्म हमेशा से दीवाली के आसपास ही रिलीज करते हैं। तो कही ना कही अन्य दो फिल्मों से इसका क्लैश हो सकता है?

काइट्स

राकेश रोशन अपनी नई फिल्म `काइट्स´ लेकर आ रहे हैं। काइट्स एक लव ट्राइंगल है और इसमें हृतिक रोशन, बारबरा मूरी (स्पेनीश अभिनेत्री) के अलावा कंगना रानाउत भी है। मर्डर फिल्म से प्रसिद्ध हुए अनुराग बसु को निर्देशन की कमान सौंपी गई है। खास बात यह भी है, कि यह हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में बन रही है। फिल्म में हृतिक और बारबरा के चुंबन दृश्य को लेकर पहले ही चर्चाएं शुरू हो गयी हैं।

तीनों की रिलीजिंग आसपास!

थ्री इडियट्स की प्रदर्शन तारीख करीब-करीब 25 दिसंबर तय हो चुकी है। लेकिन काइट्स को लेकर अभी ऊहापोह की स्थिति है। रोशन चाहते हैं कि यह फिल्म इंटरनैशनल टेंड के हिसाब से रिलीज हो। वैसे पता नहीं क्यों ऐसा कहा जा रहा है कि काइट्स की रिलीज तारीख 18 दिसंबर तय कर दी गई है। अगर वाकई में ऐसा होता है बिजनेस के हिसाब यह सही नहीं होगा। वैसे 2006 में भी आमीर खान की `फना´ और हृतिक की `क्रिश´ की रिलीज तारीख में मात्र एक माह का अंतर था।